top of page

वे कौन हैं

Writer: Umesh Dobhal
Umesh Dobhal
Sep 24, 2022
1 min read

वे कौन है

जो प्रत्येक सुबह

चिड़ियों के चहचहाने से पहले

उठ जाते हैं और


बिछ जाते है हर उस जगह

जहां तुम्हें गुजरना होता है

अपने महत्वाकांक्षी सपनों के साथ

इस खूबसूरत पृथ्वी पर


वे प्रत्येक जगह है अपने श्रम की सम्पूर्ण महक के साथ,

गांव में वे जमीन है

जमीन पर औधे लेटे हुए

मानो तो शहर भी वे ही हैं

शहर भर को उठाये हुए

और नहीं भी है कही।


वे लाखों लोग

जो तुमसे ज्यादा है और ताकतवर भी

निरंतर बढ़ रहे हैं और एक हो रहे हैं

आखिर कोई कब तक किसी को रोक सकता है

जमीन पर सीधे खड़े होने से...?


-उमेश डोभाल



 
 
 

Comments


bottom of page